देशभर में भारी बारिश और भूस्खलन का कहर
उत्तराखंड
रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में गुरुवार सुबह भूस्खलन हुआ। गौरीकुंड के पास भूस्खलन से केदारनाथ ट्रैकिंग रूट बंद कर दिया गया। तीर्थयात्रियों को रोका गया। रुद्रप्रयाग में सिल्ली के पास मलबा आने से हाईवे बाधित रहा। पेट्रोल पंप के पास बोल्डर गिरने से एक कार दब गई। उत्तरकाशी के स्याना चट्टी क्षेत्र में भारी बोल्डर और मलबा गिरा। बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में स्कूलों में छुट्टी घोषित।
जम्मू-कश्मीर
राजौरी में गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल की दीवार गिर गई। अक्चमल के पास भूस्खलन से कारगिल-लेह नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गया। गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई।
उत्तर प्रदेश
बलिया में सरयू नदी का कटाव तेज हो गया। पानी गांवों में घुस गया। 100 से अधिक परिवार सुरक्षित स्थानों पर गए। दो मकान नदी में समा गए। गोंडा में घाघरा नदी का जलस्तर घटने से कटान और तेज हुई; कई बीघा जमीन और पेड़ नदी में समा गए।
हरिद्वार
गंगा के तेज बहाव में गंगाजल भरते समय एक युवक बहने लगा। एसडीआरएफ टीम ने उसे बचा लिया।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान समेत 16 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया। मध्य प्रदेश में तीन मौसम सिस्टम सक्रिय हैं। हिमाचल में अगले 48 घंटे में भारी बारिश का पूर्वानुमान। हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ में भी बारिश की संभावना। बिहार के 5 जिलों में हल्की बारिश, 33 जिलों में सामान्य। झारखंड के 7 जिलों में 2 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान।
Sachin Saxena