मध्य प्रदेश में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े, रीवा में सबसे अधिक कीमत
तेल कंपनियों ने एक अक्टूबर से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में ₹70 तक की वृद्धि की है। मध्य प्रदेश में यह वृद्धि ₹62.50 से ₹65 तक हुई है। नए रेट के अनुसार भोपाल में कमर्शियल सिलेंडर ₹2815, इंदौर में ₹2919, जबलपुर में ₹3030, ग्वालियर में ₹3037 और उज्जैन में ₹2980 में मिलेगा।
प्रदेश में सबसे अधिक कीमत रीवा में दर्ज की गई है, जहां सिलेंडर अब ₹3066 का हो गया है। सिंगरौली में ₹3064, सतना और नरसिंहपुर में ₹3063.50, कटनी में ₹3062.50 और पन्ना में ₹3061 कीमत तय हुई है। प्रदेश के 26 जिलों में कमर्शियल सिलेंडर ₹3000 या उससे अधिक में मिलेगा। वहीं शाजापुर और सीहोर में कीमत ₹2822 हो गई है।
घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर, कारोबारियों पर असर
14 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। भोपाल में यह ₹947.50, इंदौर में ₹970, जबलपुर में ₹948.50, ग्वालियर में ₹1025.50 और उज्जैन में ₹1001.50 में उपलब्ध है। कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से रेस्टोरेंट मालिकों का खर्च मामूली बढ़ेगा। नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के प्रतिनिधि और कैफे मालिक अभिषेक बाहेती ने बताया कि गैस संकट से पहले कमर्शियल सिलेंडर ₹1800 में मिलता था, जो धीरे-धीरे ₹3300 तक बढ़ गया था। इसके बाद सरकार ने रेट में कमी की, लेकिन दो महीने से लगातार दाम बढ़ रहे हैं। इससे सीधे तौर पर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर असर बढ़ रहा है।
भोपाल के कैटर्स ने बताया कि सिलेंडर महंगा होने से शादियों की कैटरिंग भी महंगी हो सकती है। दीवाली के बाद शादियों का सीजन शुरू होगा और इस बार शादी के अच्छे मुहूर्त हैं, जिससे बजट में अंतर आएगा।
Ravi Yadav