सीएम मोहन यादव ने एमपी बोर्ड की स्टेट टॉपर चांदनी विश्वकर्मा से की मुलाकात, पक्के घर का किया वादा
भोपाल के भीमनगर में किया जनसंवाद, चांदनी के घर पहुंचे सीएम
भोपाल के भीमनगर स्लम एरिया में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने एमपी बोर्ड में स्टेट टॉपर रहीं चांदनी विश्वकर्मा से भी मुलाकात की। चांदनी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने आगे की पढ़ाई में सहयोग का भरोसा दिया है। चांदनी अपने परिवार के साथ भीमनगर के स्लम एरिया में एक कच्चे मकान में रहती हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें नया घर बनवाने या पुराने घर की मरम्मत करवाने का आश्वासन दिया है।
कठिन परिस्थितियों में सफलता पर सीएम ने की सराहना
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चांदनी विश्वकर्मा ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में से 500 अंक हासिल कर कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से एक अलग पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे आज चांदनी के घर मिलने आए हैं।
भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने का सपना
एमपी बोर्ड की स्टेट टॉपर चांदनी विश्वकर्मा का सपना भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का उनके घर आना किसी सपने के सच होने जैसा है। मुख्यमंत्री ने उन्हें आगे की पढ़ाई की चिंता न करने को कहा और हर कदम पर सरकार के साथ रहने का भरोसा दिया।
परिवार की समस्याओं पर सीएम ने मदद का भरोसा दिया
चांदनी विश्वकर्मा के माता-पिता ने मुख्यमंत्री के सामने परिवार की समस्याओं को रखा। उन्होंने बताया कि उनका घर बहुत छोटा है, जिससे पूरे परिवार को रहने में दिक्कत होती है। मुख्यमंत्री ने उनकी परेशानी सुनकर हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
मजदूर पिता की बेटी चांदनी बनीं एमपी टॉपर
सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के बावजूद चांदनी विश्वकर्मा ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में वाणिज्य संकाय में प्रदेश में टॉप कर इतिहास रचा है। यह सफलता उनकी लगन और जुनून का प्रमाण है।
Ravi Yadav