PM किसान सम्मान निधि योजना पांच साल और बढ़ी
केंद्रीय कैबिनेट ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) को अगले पांच सालों तक बढ़ाने की मंजूरी दी है। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक लागू रहेगी। इसके लिए सरकार ने 3,15,614 करोड़ रुपये से अधिक का बजट तय किया है।
किसानों को मिलती रहेगी सालाना 6,000 रुपये की मदद
पात्र किसानों को पहले की तरह हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलती रहेगी। यह राशि 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। किस्तें फसल चक्र के अनुसार जारी की जाती हैं।
सरकार के मुताबिक खेती के खर्च में मदद
सरकार का कहना है कि यह मदद किसानों को खेती के जरूरी खर्च पूरे करने और कर्ज पर निर्भरता कम करने में मददगार होगी। इस फैसले को छोटे और सीमांत किसानों के लिए राहत भरा बताया जा रहा है। समय पर पैसा मिलने से किसानों की नकदी की समस्या कम होती है और ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेने की जरूरत भी कम पड़ती है।
23वीं और 24वीं किस्त
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान PM-Kisan योजना की 23वीं किस्त जारी की थी। कार्यक्रम का आयोजन कृषि मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल सरकार के सहयोग से किया था। 24वीं किस्त अक्टूबर में जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Ravi Yadav