छत्तीसगढ़ से भटका हाथी सतपुड़ा नेशनल पार्क पहुंचा, देनवा नदी के पास डेरा

· 1 min read
छत्तीसगढ़ से भटका हाथी सतपुड़ा नेशनल पार्क पहुंचा, देनवा नदी के पास डेरा

छत्तीसगढ़ से भटका हाथी सतपुड़ा नेशनल पार्क पहुंचा, देनवा नदी के आसपास डेरा

छत्तीसगढ़ से भटककर मध्यप्रदेश पहुंचे जंगली हाथी ने अब छिंदवाड़ा के सतपुड़ा नेशनल पार्क का रुख कर लिया है। लंबे समय तक कुआंबादला वन परिक्षेत्र के जंगलों में रहने के बाद हाथी सतपुड़ा नेशनल पार्क की सीमा में पहुंच गया है। फिलहाल हाथी देनवा नदी के आसपास विचरण कर रहा है।

हाथी की मौजूदगी के बाद पार्क प्रबंधन, बफर जोन और स्थानीय वन विभाग की टीमें लगातार उसकी निगरानी कर रही हैं। टीम हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि वह आबादी वाले क्षेत्र की ओर न बढ़े।

हाथी की गतिविधियां और निगरानी

वन विभाग के अनुसार, शुक्रवार से हाथी सतपुड़ा नेशनल पार्क के अंदर भूराभगत से चौरागढ़-महादेव जाने वाले पैदल मार्ग के समीप नादिया गांव के पास घने पहाड़ी वन क्षेत्र में देखा गया था। इसके बाद रविवार को वह चुरनी गांव के आगे तक पहुंच गया।

इधर, तामिया वन परिक्षेत्र में भी हाथी की मौजूदगी के संकेत मिले हैं। रविवार सुबह निशान और जामुन डोंगा गांव के बीच मक्का के खेत में हाथी के पगमार्ग मिले हैं। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पगमार्ग की जानकारी जुटाई और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।

वन विभाग का आकलन और पूर्व घटनाएं

वन विभाग के मुताबिक सतपुड़ा और पेंच नेशनल पार्क हाथी का प्राकृतिक आवास क्षेत्र नहीं है। छत्तीसगढ़ से भटककर आया यह नर हाथी जल्द ही अपने प्राकृतिक आवास की ओर लौट सकता है। इसी को देखते हुए स्थानीय वन परिक्षेत्र और नेशनल पार्क की टीमें उसकी लगातार निगरानी कर रही हैं।

करीब छह साल पहले भी दो हाथी इसी तरह नेशनल पार्क की सीमा में पहुंचे थे, लेकिन कुछ समय बाद वापस लौट गए थे। इस बार हाथी ने पहले करीब एक सप्ताह सांगाखेड़ा के जंगल में डेरा डाला और इसके बाद सतपुड़ा नेशनल पार्क की सीमा में प्रवेश किया है।

फिलहाल हाथी देनवा नदी और पार्क की सीमा के आसपास ही विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम उसकी दिशा और गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Pushpendra Chaubey