सावन के पहले दिन उत्तर प्रदेश में शिव मंदिरों में भक्तों का सैलाब
वाराणसी, प्रयागराज समेत प्रमुख मंदिरों में लंबी लाइनें
सावन मास के पहले दिन गुरुवार को वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर समेत सभी प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हैं। काशी में बाबा विश्वनाथ का फूलों से श्रृंगार किया गया। मंगला आरती के बाद अब तक 50 हजार से अधिक भक्त दर्शन कर चुके हैं।
मुजफ्फरनगर में 500 रुपए के नोटों से सजी कांवड़
मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर बुधवार देर रात एक युवक ₹500-₹500 के असली नोटों से सजी कांवड़ लेकर पहुंचा। दिल्ली के शालीमार गार्डन निवासी विकास ने हरिद्वार की हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर कांवड़ सजाई। कुल ₹7,000 के नोटों से सजी यह कांवड़ आकर्षण का केंद्र बनी। उन्होंने बताया कि वे माता-पिता की लंबी उम्र की कामना से यात्रा कर रहे हैं।
दादी को कांवड़ में बैठाकर ले जा रहा पोता
एक अन्य कांवड़िया अपनी बुजुर्ग दादी को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार से गाजियाबाद पहुंचा है और दिल्ली जा रहा है।
सीएम योगी ने काशी में व्यवस्थाओं का जायजा लिया
सुबह साढे़ 8 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी पहुंचे। उन्होंने काल भैरव मंदिर में दर्शन और आरती की, फिर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और भस्म चढ़ाई। इसके बाद वे काशी की गलियों में घूमे, दुकानदारों से व्यवस्थाओं के बारे में पूछा और एक बच्चे को चॉकलेट दी। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन-पूजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
प्रतापगढ़ और प्रयागराज में भक्तों का सैलाब
प्रतापगढ़ के बाबा बेलखरनाथ धाम में हजारों कांवड़िए और श्रद्धालु जलाभिषेक करते रहे। प्रयागराज के प्राचीन श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में भोर से ही भीड़ रही। गंगा जल संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, ग्लूकोज, ओआरएस, स्वास्थ्य सहायता और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। प्लास्टिक के डिब्बों पर प्रतिबंध है। परिसर में सात द्वार, सीसीटीवी निगरानी और पीए सिस्टम लगाए गए हैं। वृद्ध व दिव्यांगों के लिए ई-रिक्शा, एयर कूलर और प्राथमिक उपचार केंद्र सक्रिय हैं। मोबाइल, स्मार्टवॉच और बड़े बैग के साथ प्रवेश वर्जित है। लाइव दर्शन की सुविधा भी उपलब्ध है।
बरेली में कांवड़ यात्रा को लेकर डीजीपी, प्रमुख सचिव और 9 जिलों के डीएम की बैठक चल रही है।
Navjeet Kaur