वंदे मातरम् विवाद: कांग्रेस ने दो छंद गाने का फैसला किया, भाजपा ने किया हमला

· 1 min read
वंदे मातरम् विवाद: कांग्रेस ने दो छंद गाने का फैसला किया, भाजपा ने किया हमला

वंदे मातरम् विवाद: कांग्रेस के फैसले पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने

कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने साफ किया कि पार्टी अपने कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के केवल शुरुआती दो छंद ही गाएगी। 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में हुए गायन के बाद विवाद उपजा था। पार्टी ने अपने 1937 के पुराने फैसले पर कायम रहने का निर्णय लिया है।

भाजपा का हमला

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि यह कांग्रेस का देशविरोधी फैसला है। उन्होंने आरोप लगाया कि 1937 में मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए वंदे मातरम् के दो टुकड़े करने से दो-राष्ट्र सिद्धांत को बल मिला और देश का विभाजन हुआ। शाह ने कहा कि कांग्रेस वोट बैंक के लिए राष्ट्रीय गीत और शहीदों का अपमान कर रही है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि 1937 में तुष्टिकरण के तहत वंदे मातरम् को दो हिस्सों में बांटने के फैसले ने दो-राष्ट्र सिद्धांत को बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरे गीत को कानूनी स्वरूप दिया है, जबकि कांग्रेस राष्ट्रीय अस्मिता से समझौता कर रही है।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कानून को नहीं मानती और तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।

कांग्रेस का जवाब

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि वंदे मातरम् कांग्रेसी गाते थे, लाठियां खाते थे, जेल गए और गोलियां खाईं। उन्होंने कहा कि भाजपा बताए कि वंदे मातरम् गाते हुए उनके कौन लोग लाठी या गोली खाए।

कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि रवींद्रनाथ टैगोर की सलाह पर दो छंद रखे गए थे क्योंकि भारत धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह गीत पहले भी गाती थी और आज भी गा रही है।

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि संविधान सभा में वंदे मातरम् के दो छंद का अनुमोदन हुआ था। उन्होंने अमित शाह पर संविधान सभा और देश के नेताओं से बड़ा खुद को बताने का आरोप लगाया।

Bhavanesh Soni