मानसून: अगस्त-सितंबर में कम बारिश का अनुमान
मानसून के पहले चरण में जुलाई के दौरान अच्छी वर्षा से राहत मिली, लेकिन अब दूसरे चरण में इसकी रफ्तार कमजोर पड़ सकती है। मौसम विभाग के मासिक पूर्वानुमान में बताया गया है कि अगस्त से सितंबर के दौरान देश में औसत वर्षा सामान्य से कम रहने की संभावना है।
अगस्त-सितंबर का पूर्वानुमान
इस अवधि में पूरे देश में वर्षा दीर्घावधि औसत यानी एलपीए के 94 प्रतिशत से कम रह सकती है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि पूरे देश में कम वर्षा होगी। मौसम विभाग के महानिदेशक ने कहा कि देश के कई हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है, लेकिन मध्य भारत, उत्तर-पश्चिम भारत के उत्तरी हिस्सों तथा पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों के कुछ इलाकों में सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। अगस्त महीने के लिए देश में वर्षा का दीर्घावधि औसत 254.9 मिलीमीटर है।
जून-जुलाई में 13 प्रतिशत कम बारिश
जून-जुलाई मिलाकर देश में वर्षा सामान्य से 13 प्रतिशत कम हुई है। जून के अंत तक यह कमी 35.4 प्रतिशत थी। जुलाई में अच्छी वर्षा होने से यह अंतर घट गया। जुलाई में देशभर में औसतन 283.3 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो सामान्य 280.5 मिलीमीटर से थोड़ी अधिक है।
जुलाई में वर्षा के कारण
जुलाई में अच्छी वर्षा के पीछे दो प्रमुख कारण रहे। बंगाल की खाड़ी में चार कम दबाव के क्षेत्र बने, जिनमें से दो गहरे होकर डिप्रेशन में बदल गए। सामान्य तौर पर जुलाई में कम दबाव प्रणाली करीब 13.5 दिन सक्रिय रहती है, जबकि इस बार यह अवधि बढ़कर 24 दिन रही। महीने की शुरुआत में मानसूनी गतिविधियां मजबूत हुईं और देश के कई हिस्सों में अच्छी वर्षा हुई। जुलाई के दौरान अत्यधिक भारी वर्षा की घटनाओं में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इस वर्ष जुलाई में 204.5 मिलीमीटर से अधिक वर्षा वाली 269 घटनाएं दर्ज हुईं, जो पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक हैं। सबसे ज्यादा ऐसी घटनाएं ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र में हुईं। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में जुलाई के दौरान वर्षा काफी कम रही। इस क्षेत्र में जुलाई की वर्षा वर्ष 1901 के बाद दसवीं सबसे कम रही। कम वर्षा के कारण यहां जुलाई का औसत न्यूनतम तापमान भी 1901 के बाद सबसे अधिक दर्ज किया गया।
आगे की स्थिति
मौसम विभाग का आकलन है कि मानसून का दूसरा चरण पहले की तुलना में कमजोर रह सकता है, लेकिन बीच-बीच में कुछ क्षेत्रों में अच्छी वर्षा के दौर भी देखने को मिलेंगे। अगस्त और सितंबर में पूरे देश में एक जैसी मानसूनी स्थिति रहने की संभावना नहीं है।
Janmejay Chaturvedi