राज्यपाल बोले-संत समाज ने इंदिरा गांधी को दिया था श्राप:बिना नाम लिए ममता बनर्जी पर भी कसा तंज
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने गुरुवार को पाली के सादड़ी में कहा कि साधुओं की हत्या के बाद संत समाज ने इंदिरा गांधी को श्राप दिया था। स्वामी करपात्री जी महाराज ने इतना बोला था कि साधुओं की जैसी हत्या हुई, ऐसे रास्ते से आप जाएंगी।
इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए ममता बनर्जी पर तंज कसा।
कार्यक्रम का विवरण
राज्यपाल नागेश्वर महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने आए थे। सुबह करीब 11 बजे राज्यपाल बस स्टैंड स्थित आजाद मैदान शिवनगरी पहुंचे। जहां उन्होंने व्यासपीठ पूजन किया। इस दौरान मंदिर निर्माण में विशेष योगदान देने वाली दानदाता लाड़ कंवर को सम्मानित किया। इसके बाद मंदिर स्थल जाटों के डोरण पहुंचे। यहां उन्होंने संतों का आशीर्वाद लिया और गाय का पूजन किया।
गौरक्षा आंदोलन पर चलवाई थी गोलियां - राज्यपाल
कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा- स्वामी करपात्री जी महाराज के नेतृत्व में 6 नवंबर 1966 को एक बड़ा गौरक्षा आंदोलन किया गया था। उस समय गौहत्या बंदी का वादा किया गया था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया। इसके विरोध में संसद के बाहर देश का पहला बड़ा गौरक्षा आंदोलन किया गया।
आंदोलन के दौरान फायरिंग हुई, जिसमें सैकड़ों लोगों के मारे जाने की बात कही जाती है। इसके बाद संत समाज ने सरकारी दमन के खिलाफ विरोध जताया और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को श्राप दिया था। उन्होंने जो श्राप दिया वह आगे हुआ भी। स्वामी करपात्री जी महाराज ने इतना बोला था कि साधुओं की जैसी हत्या हो गई। ऐसे रास्ते से आप जाएंगी।
बिना नाम लिए ममता बनर्जी पर तंज कसा
राज्यपाल ने महाराणा प्रताप के राजतिलक का जिक्र करते हुए बिना नाम लिए ममता बनर्जी पर भी तंज कसा। राज्यपाल ने कहा- महाराणा उदय सिंह के निधन के बाद महाराणा प्रताप के राजतिलक की बात आई तब पहले वहां राजगद्दी पर जगमाल बैठा था, तब जगमाल ने कहा था कि मैं नही उठूंगा, उदयसिंह महाराज ने मुझे राजा बोला है।
राज्यपाल ने कहा-पद नहीं छोड़ने की यह परंपरा अभी भी चालू है। मैं नहीं हटूंगी। मैं नहीं हारी। मैं मुख्यमंत्री से नही हटूंगी। शायद उन्होंने जगमाल को पढ़ा होगा।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अचलाराम मेघवाल, बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत, जिला कलेक्टर रविंद्र गोस्वामी, एसपी मोनिका सेन, डीएसपी चैनसिंह महेचा, एडीएम शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम दिनेश बिश्नोई समेत जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
L. N. Bhargava